टैम्पो-जीप में भिडंत के बाद नाले में गिरी जीप

कागदी पिकअप वीयर के पास बुधवार रात जीप और टैम्पो के बीच हुई भिड़ंत के बाद भागे जीप चालक ने हड़बड़ाहट में वाहन को पुलिया से नीचे नाले में कूदा दिया। इससे जीप पानी में आधी से ज्यादा डूब गई। गनीमत रही मौके पर पुलिस पहुंच गई और भीड़ एकत्रित हो गई, जिन्होंने जीप में सवार परिवार के सदस्यों को बाहर निकाल लिया और महात्मा गांधी चिकित्सालय भिजवाया।

इधर, हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में यहां से गुजर रहे लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाया और क्रेन की मदद से कागदी के पास नाले में कूदी जीप को निकालने के प्रयास किए।

एएसआई गोविंद सिंह ने बताया कि जीप सवार पति-पत्नी तथा उनका एक बच्चा आमलीपाड़ा से बांसवाड़ा की तरफ आ रहे थे और टैम्पो में सवार तीनों भाई सहित चार जने बांसवाड़ा से आंबापुरा की तरफ जा रहे थे। रास्ते में कागदी पिकअप वीयर के पास में बाईतालाब मोड पर दोनों वाहनों के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई। इसमें टैम्पो क्षतिग्रस्त हो गया। तभी जीप चालक भागने लगा तो उसने हड़बड़ाहट में जीप को नाले में कूदा दिया। इससे जीप पानी में डूबने लगी। तभी मौके पर कुछ लोगों ने परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला और सूचना पुलिस तक भिजवाई।

पुलिस के अनुसार हादसे में जीप में सवार अमालीपाड़ा निवासी किशोर पुत्र कालूराम, उसकी पत्नी ऋचा तथा बेटा रोहित घायल हो गया। वहीं दूसरी ओर टैम्पो में सवार बोरतलाब निवासी हकरू पुत्र धनजी, गटू पुत्र भेजी उसका भाई देवी लाल, मुकेश पुत्र नारजी तथा छतरीपाड़ा निवासी थावरा पुत्र खातिया मईड़ा घायल हो गए। सभी को महात्मा गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Scroll to Top