भारत से गया प्‍लेेन का दुबई में क्रैश लैंडिंग

दुबई। भारत के तिरुअनंतपुरम से गई एमिरेट्स एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर- EK521 की दुबई एयरपोर्ट पर क्रैश लैंडिंग हुई है। हालांकि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

दुबई सरकार के मीडिया ऑफिस ने ट्वीट कर इस घटना की जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि घटना के बाद संबंधित अधिकारी एयरपोर्ट पर मौजूद हैं और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। इस फ्लाइट में 275 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे।

 इस घटना के बाद से दुबई एयरपोर्ट से जाने वाली सभी फ्लाइट्स लेट हो गई हैं। प्लेन में सवार यात्रियों ने सोशल मीडिया साइट्स पर इस धुएं में फंसे हुए विमान की तस्वीरें शेयर कीं। यह घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर 12.45 बजे की है।

विमान कंपनी ने भी इस हादसे की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक विमान की क्रैश लैंडिंग इसके पिछले हिस्से पर हुई। इसके बाद विमान के राइट विंग ने आग पकड़ ली। विमान में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर्स को निकालने के बाद एयरपोर्ट पर तैनात दमकल कर्मियों ने आग को बुझाने की कोशिश शुरू कर दी थी।