रियो ओलंपिक में भी मिलेेगा भारतीय व्यंजनों का स्वाद: खेल मंत्रालय

नयी दिल्ली। अगले महीने होने वाले ओलंपिक के लिए रियो डि जनेरियो जाने वाले भारतीय खिलाड़ियों को खेल गांव में भारतीय व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा। खेल मंत्रालय ने आज बताया कि कुछ खिलाड़ियों ने खेल गांव में भारतीय भोजन की मांग की थी।

खेल सचिव राजीव यादव ने कहा, ‘हमें रियो ओलंपिक के आयोजकों ने पुष्टि की है कि हमारे खिलाड़ियों को पूरे खेलों के दौरान भारतीय खाना परोसा जाएगा। यह खेलों के आधिकारिक मेन्यु का हिस्सा होगा।’ उन्होंने कहा, ‘हमें भारतीय खाने की प्राथमिकता को लेकर कुछ खिलाड़ियों का आग्रह मिला था। खिलाड़ियों को अगर रियो में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है तो सही भोजन मिलना जरूरी है।’

भारतीय ओलंपिक संघ ने भी ओलंपिक आयोजन समिति से आग्रह किया था कि खेल गांव के मेन्यु में भारतीय व्यंजनों को शामिल किया जाए। यादव ने साथ ही पुष्टि की कि खिलाड़ियों को रियो में कदम रखने के साथ ही उनका दैनिक भत्ता मिल जाएगा।

 उन्होंने कहा, ‘हमने दैनिक भत्ते को भी दोगुना करते हुए 50 से 100 डालर कर दिया है। कुछ खिलाड़ियों ने हमें कहा था कि पहले की राशि पर्याप्त नहीं है।’ भारत ओलंपिक के लिए अपना अब तक का सबसे बड़ा दल भेज रहा है। तीन अगस्त से शुरू हो रहे रियो खेलों में 100 से अधिक खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

पदकों को लेकर मंत्रालय की उम्मीद के बारे में पूछने पर यादव ने कहा, ‘भविष्यवाणी करना मुश्किल है लेकिन हमें दोहरी संख्या में पदक मिलने की उम्मीद है।’ भारत ने 2012 लंदन ओलंपिक में छह पदक जीते थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Scroll to Top