राजस्थान: ‘जानलेवा’ बरसात का कहर जारी, बाड़मेर में तालाब में डूबने से 6 बच्चों की मौत

बाड़मेर.

बाड़मेर जिला मुख्यालय से करीब 150 किलोमीटर दूर खोखसर पूर्व गांव की सरहद में मंगलवार सुबह करीब नौ बजे बरसाती पानी में डूबने से छह विद्यार्थियों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी विद्यार्थियों की उम्र चार से आठ वर्ष के बीच है। इनमें एक छात्रा भी है। सभी विद्यार्थी अनुसूचित जनजाति से है।

जानकारी के अनुसार कालूराम (4), श्रवणराम (7) पुत्र फूसाराम, माया (5), श्रवणराम (8) पुत्र भीखाराम, रमेशकुमार (5) पुत्र भंवराराम, मघाराम (7) पुत्र डूंगराराम सभी जाति भील निवासी खोखसर पूर्व अपने घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित प्राथमिक विद्यालय जाने केे लिए मंगलवार सुबह घर से निकले।

कुण्ड पानी से लबालब था

विद्यालय व घर के बीच स्थित ओरण की जमीन में बने पानी के कुण्ड के पास पहुंचते ही ये सभी खेलने लग गए। कुण्ड पानी से लबालब था, लिहाजा इन मासूमों को उसकी गहराई का अंदाजा नहीं हुआ। करीब पंद्रह फीट गहरे कुण्ड में एक-एक कर सभी विद्यार्थी डूब गए।

गांव में कोहराम, मौके पर भारी भीड़ 

इनके एक साथी विद्यार्थी देवाराम पुत्र बींजाराम ने थोड़ी समझदारी दिखाई और वह पानी से बाहर ही रहा। वह भागता हुआ वापस घर की तरफ आया और बच्चों के डूबने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिवार की महिलाएं, पुरुष दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक बच्चे डूब चुके थे।

सरकारी लवाजमा मौके पर 

तत्काल ही यह सूचना प्रशासन व पुलिस तक पहुंची, जिस पर उपखण्ड अधिकारी बायतु, तहसीलदार गिड़ा, थानाधिकारी सहित तमाम सरकारी लवाजमा मौके पर पहुंचा और विद्यार्थियों के शव बाहर निकलवाए। सभी बच्चे एक ही ढाणी के है। इस घटना के बाद पूरी ढाणी में मातम छा गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Scroll to Top